

शिवालिक एकेडमी में जोयफुल गिविंग वीक की शुरुआत उत्साह और सेवा भाव के साथ की गई। इस पहल के प्रथम दिन विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र सुंदरवन और तिलवाड़ी पुल के पास बस्ती में जरूरतमंद लोगों को गरम कपड़े, कंबल, मोजे, टोपी, बैग, बोतल, टिफिन आदि वितरित किए।
विद्यालय परिवार का यह प्रयास समाज में दया, करुणा और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करने वाला रहा। विद्यार्थियों ने स्वयं सामग्री एकत्रित कर जरूरतमंदों तक पहुँचाई। इस कार्य में हिमानी बिष्ट, गुंजन पंत, राज सयाल, प्रकाश राणा समेत कई विद्यार्थियों ने सक्रिय सहयोग दिया।
कार्यक्रम के पश्चात विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि किसी जरूरतमंद के काम आ पाना उनके जीवन का यादगार अनुभव रहा। विद्यालय प्रधानाचार्य ने बच्चों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं और यही सच्ची शिक्षा का उद्देश्य है।

