
कहीं शादी समारोह चल रहा हो और ऐसे में अचानक जंगल से खूंखार मेहमान की एंट्री उस शादी में हो जाए तो फिर क्या माहौल पैदा होगा। जाहिर सी बात है कि, मौके पर शादी का जश्न एक तरफ रखा रह जाएगा और जान बचाने के लिए अफरा-तफरी मचेगी। लखनऊ की एक शादी में कुछ ऐसा ही हुआ। जिसका वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर सामने आया है और जमकर वायरल है। दरअसल, बुधवार रात लखनऊ के बुद्धेश्वर इलाके में स्थित एमएम मैरिज लॉन में शादी समारोह चल रहा था।
जहां इसी बीच अचानक से यहां एक तेंदुए ने एंट्री (Leopard at Marriage Party) मार दी और सबको डराकर भगा डाला। यहां तक कि, जब पुलिस और वन विभाग की टीम ने तेंदुए को काबू करना चाहा तो उसने टीम पर हमला कर दिया और इस दौरान एक पुलिसवाले से उसकी राइफल तक छीन ली। तेंदुए ने राइफल मुंह में दबा रखी थी। जिसके बाद राइफल वहीं गिर गई। तेंदुए को डराने और उसे दूर करने के लिए फायर भी किया गया। वहीं काफी देर तक मशक्कत करने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम तेंदुए को ट्रैंक्यूलाइज कर पाई। इसके बाद ही शादी की रस्में आगे बढ़ीं।

तेंदुआ घुसा तो दुल्हन भागी, दूल्हा छिपा रहा
बताया जाता है कि, यह शादी एक यूट्यूबर की थी। मैरिज लॉन में तेंदुआ उस वक्त देखा गया। जब दूल्हे की बारात वहां पहुंची ही थी। इसी बीच एकदम से खबर फैली कि शादी में तेंदुआ घुस आया है। बस जिसके बाद ही अफरा-तफरी मच गई। दूल्हे के साथ सभी बाराती जान बचाकर भागे। वहीं दुल्हा कार में छिपा रहा। जबकि दूसरी तरफ दुल्हन भी अपने भारी-भरकम लहेंगे के साथ भागकर अपनी जान बचाती दिखी। सभी मेहमान काफी डरे हुए थे। वहीं सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस और वन विभाग की टीम पूरे बंदोस्त के साथ मौके पर आ गई।
.jpg)
.jpg)
फोटोग्राफर ने छत से लगा दी छलांग
बताया जाता है कि, मैरिज लॉन में पहली मंजिल पर तेंदुए को देखा गया। शादी में आए फोटोग्राफर के एक साथी ने सबसे पहले तेंदुए को देखा और शोर किया। उसने लॉन के मैनेजर को भी इसकी सूचना दी। लेकिन आरोप है कि मैनेजर ने इस बात को हल्के में लिया और कह दिया कि बिल्ली होगी। अपना काम करो। वहीं लॉन का एक कर्मचारी दूसरी मंजिल पर जब तेंदुए का पता लगाने लगा तभी तेंदुए ने झपट्टा मारा तो वह वहीं से कूद गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। इसके अलावा एक फोटोग्राफर ने भी छत से छलांग लगाई है।
मैरिज लॉन में तेंदुए को घुसते हुए किसी ने नहीं देखा
जानकारी मिल रही है कि, मैरिज लॉन में तेंदुए को घुसते हुए किसी ने नहीं देखा। किसी को यह भी नहीं मालूम कि तेंदुआ आखिर शादी में कैसा आया और (Leopard at Marriage Party) किस पल में मैरिज लॉन के अंदर जा बैठा। अनुमान लगाया जा रहा है कि शादी समारोह में लोगों के पहुंचने से पहले ही तेंदुआ घुस गया था और पहली मंजिल पर छिप गया। लोगों की भीड़ के बीच उसे बाहर निकलने का रास्ता भी नहीं मिला। ऐसे में वह पहली मंजिल पर ही घूमता रहा और जब उसे देखकर शोर मचा और पकड़ने की कोशिश की गई तो उसने हमला किया।








