
गूगल मैप्स पर भरोसा करना अब जानलेवा साबित हो रहा है। बीते दिनों में गूगल मैप्स के बताए रास्ते पर चलने के चलते कई लोगों की जान चली गई है। वहीं अब ग्रेटर नोएडा में एक ऐसा ही हादसा हुआ है। यहां एक शख्स गूगल मैप्स के सहारे कार से जा रहा था। अचानक रास्ता खत्म हो गया और आगे गंदा नाला आने पर कार उसमें जा गिरी। यह 30 फीट गहरा नाला था। इस हादसे में शख्स की मौत हो गई। क्रेन के माध्यम से कार नाले से बाहर निकाली गई है।
शख्स दिल्ली का रहने वाला था
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली के मंडावली के रहने वाले भारत भाटी ग्रेटर नोएडा में एक शादी समारोह में जा रहे थे। उन्होंने लोकेशन पर पहुंचने के लिए गूगल मैप्स लगा रखा था। इस बीच जब वह तेज रफ्तार में Google Maps के बताए रास्ते पर आगे बढ़े तो एकदम से रास्ता खत्म हो गया और उनकी कार उछलकर सामने आए नाले में जा गिरी। इसके बाद वह नाले से बाहर नहीं निकल पाये। जिससे उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि, भारत भाटी एक सरकारी कर्मचारी थे।
सावधान! तकनीक पर निर्भरता जानलेवा हो सकती है
आज के समय इंसान ज़्यादातर तकनीक पर ही निर्भर है। ऐसे में इंसान को यह सोच लेना चाहिए कि कई बार तकनीक पर पूरी तरह निर्भर रहना उनके लिए जानलेवा साबित हो सकता है। Google Maps के चलते सामने आ रहीं घटनाएं बताती हैं कि तकनीक पर अंधविश्वास खतरनाक हो सकता है। तकनीकी उपकरणों पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहकर भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सकता है।








