
रुद्रपुर। निकाय चुनाव के बीच रुद्रपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबरों के मुताबिक पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल आज पुनः भाजपा का दामन थाम सकते हैं। पूर्व विधायक ठुकराल के भाजपा में जाने की खबरों से एक बार फिर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। हांलाकि अभी तक इसको लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों की मानें तो वह बहुत जल्द भाजपा में जा सकते हैं।
इधर भाजपा में ठुकराल की वापसी की खबरों के बीच एक और ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। दावा किया जा रहा है कि उक्त ऑडियो में विधायक ठुकराल की आवाज है। वायरल ऑडियो में हिंदुओं के खिलाफ अपशब्द बोले जा रहे हैं। हांलाकि आवाज 24×7 वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता।
बता दें कि यह ऑडियो उस समय सामने आया है जब रुद्रपुर में नगर निकाय चुनाव अपने चरम पर है। भाजपा की ओर से विकास शर्मा मैदान में हैं, जबकि कांग्रेस के मोहनखेड़ा उन्हें चुनौती दे रहे हैं। वहीं राजकुमार ठुकराल और उनके छोटे भाई संजय ठुकराल ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। आज सुबह से सोशल मीडिया पर चर्चा है कि ठुकराल की भाजपा में वापसी हो सकती है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यदि राजकुमार ठुकराल भाजपा में शामिल नहीं होते हैं और निर्दलीय चुनाव लड़ते हैं तो कहीं ना कहीं भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी विकास शर्मा को इसका नुकसान हो सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक ठुकराल के समर्थन में एक बड़ा वोट बैंक है, जो भाजपा के समीकरण बिगाड़ सकता है। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि भाजपा इस चुनौती से कैसे निपटती है और ठुकराल को पार्टी में वापस लाने में कितनी सफल होती है। इस घटनाक्रम ने रुद्रपुर की राजनीति को एक नया मोड़ दे दिया है। 






