
25 सितम्बर को शिवालिक एकेडमी में “राष्ट्रीय चरित्र निर्माण” विषय पर प्रातःकालीन सभा में विद्यार्थियों हेतु एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सुभारती यूनिवर्सिटी के संस्थापक एवं प्रख्यात शिक्षाविद डॉ. अतुल कृष्ण पधारे। कार्यक्रम में उनके साथ मंच पर डॉ. रवीन्द्र सैनी (पूर्व प्रधानाचार्य एस.जी.आर. आर. कॉलेज, प्रख्यात शिक्षाविद एवं समाजसेवी वर्तमान ओ. एस. डी सुभारती अस्पताल), श्री बलवंत बोरा (ओ.एस.डी., सुभारती अस्पताल), श्री रवि मित्तल (शैक्षिक एवं संस्थागत गतिविधियों के प्रेरक व्यक्तित्व), विद्यालय प्रबंधक श्री सोमदत्त त्यागी जी एवं प्रधानाचार्य श्रीमती रजनी त्यागी जी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम डॉ. अतुल कृष्ण ने विद्यार्थियों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की अंत्योदय योजना, शहीद आशा राम त्यागी जी के सिद्धांतों से अवगत कराया। उन्होंने पंचशील के आदर्शों, स्वदेशी उत्पादों के प्रयोग और देशभक्ति नारों के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अच्छे संस्कार और राष्ट्र के प्रति सम्मान अचानक नहीं आते, बल्कि यह धीरे-धीरे जीवन का हिस्सा बनते हैं। साथ ही उन्होंने बच्चों को देशभक्ति पर आधारित किताबें पढ़ने की प्रेरणा भी दी ताकि उनमें राष्ट्रीय चरित्र निर्माण की भावना गहरी हो सके।
इस अवसर पर श्री रविन्द्र सैनी (पूर्व प्रधानाचार्य, एस.जी.आर. आर. कॉलेज वर्तमान में ओ.एस.डी. पद पर कार्यरत) ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने भ्रष्टाचार से दूर रहने और सच्चे देशभक्त नागरिक बनने का संदेश रोचक कहानियों के माध्यम से दिया, जिससे बच्चों में गहरी रुचि और उत्साह उत्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान हमारे वीर शहीदों के जीवन से विद्यार्थियों को परिचित कराया गया। साथ ही ‘जय हिंद’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे देशभक्ति नारों के महत्व को समझाया गया तथा इन नारों को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम का समापन नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी द्वारा लिखित ‘आज़ाद हिंद गान’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति की उमंग और गर्व की भावना से भर दिया। उपस्थित विद्यार्थियों और अतिथियों ने संकल्प लिया कि वे अनुशासित, जिम्मेदार और मूल्य-आधारित नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँगे। कार्यक्रम में सभी विद्यार्थी व शिक्षकगण उपस्थित रहे।




