
पिथौरागढ़ के अस्कोट थाना क्षेत्र में सेना के काफिले में चल रहे तीन ट्रक एक के बाद एक हादसे का शिकार हो गए जिसमें कई जवान सवार थे। बताया जा रहा है कि इस हादसे में एक कार और एक बोलेरो क्षतिग्रस्त हो गई। साथ ही सेना के तीन जवान भी घायल हो गये हैं। घायल जवानों को उपचार के लिए पिथौरागढ़ रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार भारतीय सेना की आठ गाड़ियों का काफिला चंपावत से धारचूला की ओर जा रहा था। तभी आगे राशन लेकर चल रहा सेना का ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। तभी एक कार और बोलेरो चालक अपनी गाड़ी खड़ी कर पलटे ट्रक में फंसे सेना के जवान को निकालने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रहा सेना का दूसरा ट्रक भी अनियंत्रित हो गया। जिसने कार और बोलेरो को टक्कर मार दी। जिसके बाद सेना का दूसरा ट्रक भी पलट गया। ऐसे ही तीन ट्रक एक के बाद एक कर हादसे का शिकार हो गए। हादसे में तीन जवान घायल हो गये। घायल जवानों को पिथौरागढ़ रेफर कर दिया गया है।
