

देश में ट्रेन हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक भयानक ट्रेन हादसा हुआ है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान जाने की सूचना नहीं है। दरअसल, यहां दो मालगाड़ियों की टक्कर हो गई। इस जोरदार टक्कर में 1 मालगाड़ी का इंजन ट्रैक से उलटकर झाड़ियों में जा गिरा और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में दोनों ट्रेनों के लोको पायलट बुरी तरह घायल हुए हैं, जिन्हें लोगों की मदद से रेस्क्यू करके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर राहत कार्य जारी है। इस हादसे के कारण एक लाइन बाधित हो गई है। हालांकि, बताया जाता है कि इस ट्रैक पर सिर्फ मालगाड़ियां दौड़ती हैं, इसलिए पैसेंजर ट्रेनों की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा है, लेकिन रेल मंत्रालय ने जांच का आदेश दे दिया है कि आखिरी गलती किसकी थी?





