
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए कुल 59.72 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस योजनाओं से पेयजल, बाढ़ सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री ने चंपावत जिले की तामली ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना के लिए 14.57 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
इसके साथ ही देहरादून के हरभजवाला क्षेत्र में आसन नदी के दोनों ओर पुश्ता निर्माण के लिए 2.43 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की गई है।
ऊखीमठ नगर पंचायत पेयजल योजना के लिए 25.78 करोड़ रुपये का अनुमोदन भी दिया गया है। बाढ़ सुरक्षा कार्यों के तहत धर्मपुर क्षेत्र में सुसवा नदी और उत्तरकाशी के झाला गांव में भागीरथी नदी के किनारे कार्यों के लिए क्रमशः 1.29 करोड़ और 3.03 करोड़ रुपये की पहली किस्त स्वीकृत की गई है।
इसके अलावा पिथौरागढ़, हरिद्वार और नैनीताल में स्लोप प्रोटेक्शन कार्यों, हर्षिल-मुखवा मार्ग के सुरक्षात्मक कार्यों तथा डोईवाला और रायपुर क्षेत्रों में नदी-नालों के बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है।
हल्द्वानी-काठगोदाम पेयजल योजना को भी इससे लाभ मिलेगा। साथ ही, चमोली के भराड़ीसैंण स्थित पीएमश्री आदर्श इंटर कालेज में पांच नए कक्षों के निर्माण को मंजूरी दी गई है।
सूचना विभाग में पदोन्नति को मंजूरी
मुख्यमंत्री ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के लिए 299.18 करोड़ रुपये के बजट सहित अनुसूचित जाति कल्याण के लिए एक करोड़ और जनजाति उपयोजना के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं।
विभाग में सहायक निदेशक अर्चना और बद्री चंद को उपनिदेशक पद पर पदोन्नति देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।

