
जसपुर विधानसभा के विधायक प्रत्याशी एवं भाजपा नेता डॉ. यूनुस चौधरी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे देश की जनता की विकासवादी सोच और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास की विजय बताया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने वर्षों से चले आ रहे भय, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को नकारते हुए विकास, राष्ट्रवाद और सुशासन की नीति को अपनाया है।
डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि इस ऐतिहासिक विजय का सबसे बड़ा श्रेय मातृशक्ति, नारी शक्ति, युवा वर्ग एवं भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है, जिन्होंने घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और जनता को भाजपा सरकार पर पूरा भरोसा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के ऊर्जावान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में जिस प्रकार विकास कार्यों को गति मिली है, उससे पूरे देश में भाजपा की सकारात्मक छवि मजबूत हुई है। मुख्यमंत्री धामी की युवा सोच, पारदर्शी कार्यशैली और जनहितकारी निर्णयों ने युवाओं और आम जनता के बीच भाजपा के प्रति विश्वास को और मजबूत किया है।
भाजपा नेता यूनुस चौधरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अब भय और हिंसा की राजनीति से मुक्ति चाहती थी। जनता ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि अब देश में विकास, रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की समृद्धि और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की राजनीति को प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर कार्य किया है और इसी सोच के कारण देशभर में भाजपा लगातार मजबूत हो रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक संघर्ष किया, अनेक कठिनाइयों का सामना किया, लेकिन पार्टी की विचारधारा और राष्ट्रसेवा के संकल्प से कभी पीछे नहीं हटे। आज की यह जीत उन सभी समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और त्याग का परिणाम है।
डॉ. यूनुस चौधरी ने पश्चिम बंगाल की जनता, भाजपा नेतृत्व एवं सभी कार्यकर्ताओं को ऐतिहासिक विजय की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में भाजपा पूरे देश में विकास और सुशासन का नया इतिहास रचने को तैयार है।

