


जसपुर। ग्राम बैलजूड़ी, जसपुर विधानसभा क्षेत्र निवासी डॉ. यूनुस चौधरी को उत्तराखंड सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद का उपाध्यक्ष नामित किया गया है। नियुक्ति के साथ ही उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
डॉ. यूनुस चौधरी की नियुक्ति का आदेश संयुक्त सचिव आलोक कुमार सिंह की ओर से जारी किया गया है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही जसपुर क्षेत्र सहित प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। समर्थकों ने इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
अल्पसंख्यक हुनर परिषद का प्रमुख उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराना तथा उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है। माना जा रहा है कि परिषद के माध्यम से कौशल विकास और रोजगार से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में डॉ. यूनुस चौधरी की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
राज्य मंत्री का दर्जा मिलने के बाद डॉ. यूनुस चौधरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, काशीपुर महापौर दीपक बाली, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल, पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, राज्य मंत्री विनय रोहिल्ला, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनीस गॉड सहित भाजपा के सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, समर्थकों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वह अल्पसंख्यक समाज के युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
