


जसपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नगर अध्यक्ष नाजिम सिद्दीकी की अध्यक्षता में तीन दिवसीय बृहद स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक आदेश चौहान, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धीरेंद्र गहलोत एवं नगर अध्यक्ष नाजिम सिद्दीकी ने फीता काटकर किया।
शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से अस्पताल परिसर पूरी तरह मरीजों से भरा नजर आया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धीरेंद्र गहलोत ने बताया कि रविवार को अवकाश होने के कारण शिविर का आयोजन नहीं होगा। अब शिविर का संचालन 12 एवं 13 जुलाई को किया जाएगा।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। इस दौरान डॉ. राजीव पुनेठा (बाल रोग विशेषज्ञ), डॉ. तनुज तोमर (सर्जन), डॉ. गीतांजलि (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ), डॉ. हर्षिता तथा डॉ. कीर्ति मेहता (फिजीशियन) सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात अन्य चिकित्सकों ने भी मरीजों का गंभीरता एवं संतोषजनक ढंग से उपचार किया।
स्वास्थ्य शिविर में दूर-दराज़ क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं उपचार प्राप्त किया। शिविर के पहले दिन कुल 1,147 मरीजों का पंजीकरण किया गया, जिससे यह स्वास्थ्य शिविर क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ।

