


सेलाकुई। उत्तरांचल पंजाबी महासभा पछवादून की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को सेलाकुई स्थित आयुष होटल में आयोजित की गई। बैठक में समाज की एकजुटता, संगठन को मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान गढ़वाल मंडल अध्यक्ष पंकज मैसून, महामंत्री राजीव सच्चर तथा प्रेमनगर व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत सहगल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन के विस्तार और पदाधिकारियों की नई जिम्मेदारियों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्वसम्मति से रवि अरोड़ा को उत्तरांचल पंजाबी महासभा पछवादून का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं हरबर्टपुर निवासी सुनील जोगिया को महामंत्री, रविंद्र बजाज को कोषाध्यक्ष तथा बंटी सहगल को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी। बैठक में समाज के लोगों को एकजुट करने, आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने तथा सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष रवि अरोड़ा ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज की एकता, सामाजिक सहयोग और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सभी सदस्यों के सहयोग से निरंतर कार्य किया जाएगा।
बैठक में सोनू सहगल, दीपक अरोड़ा, मनप्रीत, महेंद्र नागपाल, ज्योति अरोड़ा, गुरप्रीत कौर, पूजा सेठी, श्रीमती देश चौहान, सरोज सहित महासभा के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। बैठक का समापन सभी सदस्यों द्वारा संगठन को मजबूत बनाने और समाजहित में मिलकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।


