


शिवालिक एकेडमी में 12 अगस्त 2026 को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर कक्षा छः से लेकर कक्षा बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया। गतिविधि हेतु विषय “युवा सोच, स्थानीय समाधान” को केंद्र में रखते हुए विद्यार्थियों को अपने विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र में मौजूद समस्याओं की पहचान करने तथा उनके व्यावहारिक समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया गया।
कक्षा छ के विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की तथा कचरा प्रबंधन, जल संबंधी समस्याएँ, स्वच्छता, साफ-सफाई तथा विद्यालय की सुविधाओं के उचित रखरखाव जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने इन समस्याओं के समाधान के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।
कक्षा सातवीं एवं आठवीं के विद्यार्थियों ने अपने आसपास के क्षेत्र की समस्याओं जैसे खराब सड़कें, सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता आदि मुद्दों पर अपने अनुभव साझा किए और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका को समझा।
वहीं, कक्षा नवीं से बारहवीं के विद्यार्थियों ने ‘प्रॉब्लम हंट’ गतिविधि के माध्यम से स्थानीय समस्याओं को चिन्हित किया। विद्यार्थियों ने यातायात एवं सड़क सुरक्षा, कूड़ा प्रबंधन, जल संरक्षण, प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग तथा आवारा पशुओं की सुरक्षा जैसे विषयों पर समाधान आधारित प्रस्तुतियाँ तैयार कीं।
प्रत्येक टीम ने समस्या के कारण एवं समाधान पर वार्तालाप करी।
विद्यार्थियों ने गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, समस्या-समाधान क्षमता, टीमवर्क, नेतृत्व एवं संचार कौशल का प्रदर्शन किया। उनके द्वारा दिए गए सुझावों में स्थानीय स्तर पर किए जा सकने वाले सरल एवं प्रभावी उपायों पर विशेष जोर रहा।
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस की यह गतिविधि विद्यार्थियों के लिए केवल समस्याओं की पहचान करने का माध्यम नहीं रही, बल्कि उन्हें समस्या से समाधान की ओर सोचने और अपने समुदाय के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करने वाला सार्थक प्रयास साबित हुई। आयोजन ने विद्यार्थियों में एक स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की भावना को मजबूत किया।

