



एथराइज चैंपियनशिप 2026 में शिवालिक एकेडमी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर एवं पैवेलियन ग्राउंड, देहरादून में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वर्ण एवं रजत पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में देवांश चौधरी ने अंडर-16 शॉटपुट स्पर्धा में स्वर्ण पदक प्राप्त किया, जबकि अभय रावत ने अंडर-16 लॉन्ग जंप में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं, यश सिंह ने अंडर-14 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
विद्यालय की अंडर-14 बालक 4×100 मीटर रिले टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम में शिवम नेगी, यश सिंह, प्रियांशु रावत एवं आदित्य थापा शामिल रहे। खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयास और बेहतरीन तालमेल ने टीम को सफलता दिलाई।
इसके अतिरिक्त, ईशांत भंडारी ने अंडर-16 हाई जंप स्पर्धा में रजत पदक प्राप्त किया, जबकि मानस तड़ियाल ने अंडर-15 शतरंज प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और सम्मान जोड़ा।
विद्यालय प्रधानाचार्य श्रीमती रजनी त्यागी जी ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धियों पर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने और भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
