



SDRF ने कठिन रेस्क्यू अभियान चलाकर बरामद किया शव
अल्मोड़ा। जिले के टोटाम चेरीधार के समीप एक कैंटर वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची SDRF और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक का शव खाई से बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर को DCR अल्मोड़ा से SDRF पोस्ट भिकियासैंण को कैंटर वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली। वाहन में चालक के सवार होने की जानकारी पर अपर उप निरीक्षक सुंदर बोरा के नेतृत्व में SDRF टीम तत्काल रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने के बाद SDRF और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने चालक की तलाश में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दुर्गम परिस्थितियों और खाई की गहराई के बीच टीम ने लगातार प्रयास करते हुए करीब 200 मीटर नीचे से चालक का शव बरामद किया।
मृतक की पहचान हीरा सिंह (35), पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी नंदप्रयाग घाट, जनपद चमोली के रूप में हुई। SDRF ने शव को खाई से बाहर निकालकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
