




सेलाकुई। चकराता रोड स्थित रामपुर पुल की खराब हालत को देखते हुए भारी वाहनों के रूट को डायवर्ट कर दिया गया है। लगातार बारिश और नदी के तेज बहाव के कारण पुल के आसपास की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पुल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन एवं संबंधित विभाग ने भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाते हुए उनका रूट डायवर्ट किया है। वहीं, स्थानीय लोगों और छोटे वाहनों की आवाजाही को लेकर भी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
रामपुर और आसपास के क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पुल की मौजूदा स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा कार्य किया जाना जरूरी है, ताकि किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से पुल का निरीक्षण कर स्थायी समाधान और जल्द मरम्मत कार्य कराने की मांग की है। विभाग की ओर से भी वाहन चालकों से अपील की जा रही है कि वे डायवर्ट किए गए मार्ग का ही इस्तेमाल करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
