


जसपुर। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने ग्राम बैलजूड़ी, जसपुर निवासी एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. यूनुस चौधरी को भाजपा प्रदेश समिति के अल्पसंख्यक मोर्चे में विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया है। पार्टी की गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी और संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाने में उनके योगदान को देखते हुए यह जिम्मेदारी दी गई है।
डॉ. यूनुस चौधरी लंबे समय से क्षेत्र में सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। पार्टी की छोटी-बड़ी बैठकों और संगठनात्मक कार्यक्रमों में उनकी निरंतर सक्रियता के साथ-साथ जनसंपर्क एवं सामाजिक कार्यों में उनकी भूमिका को भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
उनकी नियुक्ति के बाद क्षेत्र एवं प्रदेशभर से बधाइयों का सिलसिला जारी है। जिला अध्यक्ष मनोज पाल, पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, पूर्व विधायक काशीपुर हरभजन सिंह चीमा, काशीपुर महापौर दीपक वाली, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष इंतजार हुसैन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल राजनीतिक एवं सामाजिक भविष्य की कामना की।
डॉ. यूनुस चौधरी के नेतृत्व में निकला जश्ने ईद मिलादुन्नबी का जुलूस
इधर, ग्राम बैलजूड़ी, जसपुर में डॉ. यूनुस चौधरी के नेतृत्व में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का जुलूस हर्षोल्लास और अकीदत के साथ निकाला गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने जुलूस में सहभागिता की।
इस अवसर पर डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि सभी लोगों को पैगंबर मोहम्मद साहब द्वारा बताए गए सिद्धांतों और मानवता, भाईचारे एवं सद्भावना के संदेश को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व पूरी दुनिया में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।
उन्होंने ग्रामवासियों, क्षेत्रवासियों एवं प्रदेशवासियों को जश्ने ईद मिलादुन्नबी की दिल की गहराइयों से शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे एवं सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
