



जसपुर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 28 जून को आयोजित होने वाले “दो बूंद जिंदगी की” कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जसपुर स्वास्थ्य विभाग पिछले कई दिनों से सक्रिय रहा। अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक डॉ. धीरेंद्र गहलोत ने विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ कई बैठकें आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉ. धीरेंद्र गहलोत ने बताया कि अभियान के तहत पूरे जसपुर क्षेत्र में 144 पोलियो बूथ स्थापित किए गए, जिनके माध्यम से लगभग 17,000 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य जसपुर को पूर्ण रूप से पोलियो मुक्त बनाना है।
उन्होंने आगे बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच सके, उन्हें पोलियो की खुराक पिलाने के लिए घर-घर जाकर विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें सुनिश्चित करेंगी कि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे।
इस अवसर पर डॉ. धीरेंद्र गहलोत ने अभियान में सहयोग करने वाली सभी टीमों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। अभियान में टीमों का नेतृत्व डॉ. हर्षिता, जमील अहमद, मोहम्मद साजिद, भगवती देवी एवं मनोज कुमार ने किया।

