
शिवालिक एकेडमी, सेलाकुई के 23 एनसीसी कैडेट्स ने अपने सीटीओ श्री शम्मी चौहान के नेतृत्व में इण्डियन मिलिट्री एकेडमी (आईएमए), देहरादून का शैक्षिक एवं प्रेरणादायी भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान कैडेट्स ने खेत्रपाल हॉल में भारतीय सैन्य अकादमी के जीवन पर आधारित एक प्रेरणादायक फिल्म देखी। इसके पश्चात उन्होंने विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का अवलोकन किया तथा आधुनिक हथियारों और सैन्य उपकरणों की जानकारी प्राप्त की। कैडेट्स ने ऐतिहासिक चेटवुड भवन स्थित संग्रहालय का भी भ्रमण किया, जहाँ अकादमी के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और दुर्लभ स्मृतिचिह्नों को देखा। साथ ही, आईएमए कैडेट्स द्वारा प्रतियोगिताओं के लिए तैयार की गई उत्कृष्ट पेंटिंग्स और स्केच भी आकर्षण का केंद्र रहे।
आईएमए मेमोरियल पर सभी कैडेट्स ने एक मिनट का मौन रखकर वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उपस्थित प्रत्येक कैडेट ने पूरे भ्रमण के दौरान उत्कृष्ट अनुशासन और गरिमामय व्यवहार का परिचय दिया।
यह शैक्षिक यात्रा कैडेट्स के भीतर देशभक्ति, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन तथा राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने में अत्यंत सहायक सिद्ध हुई। यह भ्रमण सभी कैडेट्स के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, अनुशासनपूर्ण और उत्साहवर्धक रहा।
इस सफल एवं प्रेरणादायी भ्रमण के लिए शिवालिक एकेडमी की प्रधानाचार्या श्रीमती रजनी त्यागी ने 11 यूके बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर महोदय, नायब सूबेदार पंकज थापा तथा उनकी पूरी टीम के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

