


ढेला नदी में पिचिंग कार्य और जसपुर विधानसभा क्षेत्र की तीन सड़कों के निर्माण की मांग उठाई, हुनर परिषद का कार्यालय जल्द खुलने की जानकारी दी
जसपुर/हल्द्वानी। उत्तराखंड के राज्य मंत्री डॉ. यूनुस चौधरी ने हल्द्वानी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जसपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र समाधान का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान डॉ. यूनुस चौधरी ने मानसून के मद्देनजर ढेला नदी में पिचिंग कार्य करवाने की मांग उठाई। उन्होंने क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी और आवागमन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जसपुर विधानसभा क्षेत्र की तीन सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जल्द ही जसपुर विधानसभा क्षेत्र में हुनर परिषद का कार्यालय खुलने जा रहा है। इससे संबंधित विषयों पर भी उन्होंने चर्चा की और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान करना और विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने जनसुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिबद्धता जताई।
उन्होंने कहा कि जनसेवा उनका प्रमुख उद्देश्य है और जसपुर विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनका संकल्प है। मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की आवश्यकताओं को रखकर उन्होंने विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
