


दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल की कार्यकारिणी गठित, व्यापारी हितों के लिए मजबूती से उठेगी आवाज
रुड़की दिल्ली रोड स्थित सभागार में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रदेश अध्यक्ष पंकज मैसून राजीव सच्चर पंकज दीदान रवि अरोड़ा का रुड़की इकाई द्वारा जोरदार स्वागत किया गया
रुड़की। दिल्ली रोड क्षेत्र में व्यापारियों को संगठित करने और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल (रजि.) दिल्ली रोड व्यापार मंडल रुड़की का गठन किया गया। इस अवसर पर कार्यकारिणी गठन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम में संजय अरोड़ा को प्रदेश उपाध्यक्ष, सचिन त्यागी को प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी तथा अरुण दुआ को रुड़की अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। वहीं पंकज मैसन को कार्यक्रम अध्यक्ष एवं दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दर्शाया गया है।
व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए बनेगा मजबूत मंच
व्यापार मंडल के गठन का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को एकजुट कर उनकी रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान कराने के लिए प्रभावी तरीके से आवाज उठाना है। व्यापारियों का कहना है कि GST से जुड़ी दिक्कतें, माल लाने-ले जाने में आने वाली परेशानियां, व्यापारिक प्रक्रियाओं से संबंधित समस्याएं और अन्य प्रशासनिक मुद्दे लगातार व्यापारियों के सामने चुनौती बने हुए हैं।
इसके साथ ही दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में आगजनी जैसी घटनाओं से होने वाले नुकसान को लेकर भी व्यापारियों के हित में ठोस व्यवस्था और आर्थिक सहायता की आवश्यकता पर जोर दिया जाएगा। व्यापार मंडल का प्रयास रहेगा कि ऐसी परिस्थितियों में प्रभावित व्यापारियों को सरकार की ओर से उपलब्ध आर्थिक सहायता एवं राहत योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
सरकारी योजनाओं का लाभ व्यापारियों तक पहुंचाने पर जोर
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि सरकार द्वारा व्यापारियों के लिए संचालित योजनाओं एवं राहत प्रावधानों की जानकारी जमीनी स्तर तक पहुंचाना भी संगठन की प्राथमिकताओं में रहेगा। किसी व्यापारी को आगजनी, प्राकृतिक आपदा या अन्य कारणों से आर्थिक नुकसान होने पर सरकारी स्तर से मिलने वाली आर्थिक सहायता दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
संगठन की ओर से व्यापारियों की समस्याओं को प्रशासन और सरकार के समक्ष मजबूती से रखने तथा उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया गया।
नई कार्यकारिणी में इन्हें मिली जिम्मेदारी
कार्यकारिणी में कुलबीर चौधरी, शशि कांत अग्रवाल और विक्रम चुघ को संरक्षक, देव राज पाल को महामंत्री, अमित खंडेलवाल को कोषाध्यक्ष, सचिन चौधरी को पार्षद उपाध्यक्ष, विनीत बलियान को संगठन मंत्री, राहुल अग्रवाल को उपाध्यक्ष, मदन पाल को सह मंत्री, शाहनवाज रसूल को उप मंत्री, लोमस ऋषि (ऋषि) को उप कोषाध्यक्ष, डॉ. नवनीत शर्मा को पार्षद सह मंत्री तथा सत्येंद्र प्रकाश और संजय पाल को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारी एकता को मजबूत करते हुए दिल्ली रोड सहित रुड़की क्षेत्र के व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जाएगा। संगठन का उद्देश्य व्यापारियों और शासन-प्रशासन के बीच मजबूत संवाद स्थापित करना और जरूरत पड़ने पर व्यापारियों के हित में सामूहिक रूप से आवाज उठाना रहेगा।
“व्यापारी एकता जिंदाबाद” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
