


जसपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत शिक्षा विभाग की ओर से बीएसवी इंटर कॉलेज जसपुर में निबंध, भाषण, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष मनोज पाल मौजूद रहे। उन्होंने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर स्वतंत्र मिश्रा ने कहा कि शिक्षित भारत ही समृद्ध भारत का निर्माण कर सकता है। उन्होंने कहा कि जब देश का युवा आगे आएगा और विकसित भारत का संकल्प लेगा, तभी भारत विश्व गुरु का स्थान प्राप्त कर सकेगा।
मुख्य अतिथि मनोज पाल ने कहा कि बीएसवी इंटर कॉलेज जसपुर की स्थापना वर्ष 1947 में हुई थी और विद्यालय ने जसपुर क्षेत्र में अनेक प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जसपुर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और उत्तराखंड में जसपुर क्षेत्र ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवाओं को अपने गुरुओं और माता-पिता की आज्ञा का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का पहला कर्तव्य शिक्षा के साथ-साथ अपने संस्कारों और जिम्मेदारियों को समझना भी है।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री यूनुस चौधरी ने भी छात्र-छात्राओं को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय स्तरीय निबंध, भाषण, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
निबंध प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में कक्षा 11-सी की रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जूनियर वर्ग में कक्षा 8-ए की गीतांजलि ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 8 की रितिका और कक्षा 11-डी के अनुराग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा एनसीसी के विद्यार्थियों, स्काउट छात्रों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कमल चौहान, ओबीसी जिला अध्यक्ष महेश प्रजापति, जिला मंत्री विशाल, यूथ भाजपा अध्यक्ष अमित बग्गा, मंडल अध्यक्ष राजकुमार, अशोक खन्ना, सत्यम, अनीता पवार, ललित शर्मा, विनोद कुमार, प्रफुल्ल कौशिक, राजीव कौशिक, अनिल कुमार चौहान, देवेंद्र सिंह, सचिन कुमार, राजीव कुमार चौहान, नितिन गर्ग, गीता, कौशलेंद्र नाथ त्रिपाठी, अजय कुमार चौहान, नरेंद्र कुमार, स्वतंत्र कुमार, जितेंद्र पाल गंगवार, निश्चित पवार, प्रदीप कुमार, शिवानी, अंशुमान सक्सेना, चंद्रभान सागर, आलोक कुमार, भूपेंद्र चौहान, धर्म सिंह, संजय दांगी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
