

देहरादून। सिंह मार्शल आर्ट एकेडमी का उद्घाटन आज भूतपूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल द्वारा किया गया। इस अवसर पर एकेडमी के कोच नरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि एकेडमी के तीन खिलाड़ी जम्मू-कश्मीर में होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने खिलाड़ियों को मेडल एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। विराट, शिवम और आरव को विशेष रूप से मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि अन्य सभी बच्चों को भी सर्टिफिकेट देकर प्रोत्साहित किया गया।
अपने संबोधन में डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने कहा कि जब बच्चे किसी खेल और प्रतियोगिता की तैयारी में जुटते हैं तो उनकी फिटनेस बेहतर रहती है और वे नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहते हैं। उन्होंने बच्चों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा अभिभावकों से भी बच्चों को खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।

