


जसपुर/देहरादून, 16 जुलाई। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला को प्रदेशभर में उत्साह, पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के संदेश के साथ धूमधाम से मनाया गया। जसपुर से लेकर देहरादून के झाझरा क्षेत्र तक विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, विद्यालयों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
जसपुर में कई सामाजिक संस्थाओं ने अपने-अपने नाम से पौधारोपण कर हरेला पर्व मनाया। व्यापार मंडल ने हरिओम सिंह की अध्यक्षता में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं भूतपूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने सेवानिवृत्त फौजियों एवं विभिन्न संस्थाओं को पौधे वितरित किए तथा हरेला पर्व के अवसर पर हरियाली के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के लाभ बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी ने चिकित्साध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र गहलोत की अध्यक्षता में जसपुर कोतवाली परिसर में हरेला पर्व मनाया। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष हरिओम सिंह, कोतवाल राजेश पाण्डे, मीडिया प्रभारी उस्मान तथा पूरी टीम ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
हरेला पर्व के अवसर पर वैदिक शरण बिसंभर इंटर कॉलेज, जसपुर, जीजीआईसी जसपुर, राजकीय इंटर कॉलेज रायपुर तथा पंडित पूर्णानंद तिवारी इंटर कॉलेज, जसपुर सहित कई शिक्षण संस्थानों में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने पौधे लगाकर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।
वहीं देहरादून के एयर फोर्स कॉलोनी जलवायु विहार, झाझरा में ग्राम प्रधान एवं वार्ड सदस्यों की ओर से विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान अर्जुन कुमार ने पौधारोपण करते हुए कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण का अभियान और अधिक प्रभावी होगा।
कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों ने आकर्षक पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। ग्राम प्रधान अर्जुन कुमार ने बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं स्थानीय लोगों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और हरित उत्तराखंड के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर मीरा चौहान, सुभाष धस्माना, रजत, आदेश, कंवर सिंह, मनोज मिश्रा, दिलीप बिष्ट, अमर, सतीश कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

