उत्तरांचल पंजाबी महासभा का बढ़ा गौरव, राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन में वरिष्ठ पत्रकार रवि अरोड़ा हुए सम्मानित



आंध्र प्रदेश के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक शहर विजयवाड़ा में ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम न्यूज़पेपर फेडरेशन (AISMNF) का राष्ट्रीय सम्मेलन एवं स्वर्ण जयंती समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से वरिष्ठ पत्रकार, संपादक, मीडिया प्रतिनिधि एवं संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया तथा पत्रकारिता से जुड़े समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखे।
सम्मेलन की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार गुरिंदर सिंह ने की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव अशोक नवरत्न (पूर्व सदस्य, प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया), सुधीर पाण्डा (उड़ीसा, सदस्य प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया) सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार एवं अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पत्रकारिता की स्वतंत्रता, छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों की चुनौतियाँ, डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव तथा पत्रकारों के अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विचार रखते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया।
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष तरुण साहू, उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष शोयब अहमद तथा उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार छाबड़ा सहित विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने पत्रकारों के हितों की रक्षा एवं संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
उत्तराखंड से वरिष्ठ पत्रकार रवि अरोड़ा भी सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने पत्रकारिता की निष्पक्षता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं बदलते मीडिया परिदृश्य से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार गुरिंदर सिंह, राष्ट्रीय महासचिव अशोक नवरत्न एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा स्मृति चिन्ह एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मेलन का समापन संगठन की एकता, पत्रकार हितों की रक्षा तथा छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों को सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने इसे पत्रकारिता जगत के लिए एक महत्वपूर्ण एवं सफल आयोजन बताया।
About the Author

