




पछवा दून विकास समाचार पत्र का 20वां वार्षिक समारोह सम्पन्न, पत्रकारों एवं समाजसेवियों का हुआ सम्मान
सेलाकुई, देहरादून। लोकप्रिय समाचार पत्र पछवा दून विकास एवं पीवी न्यूज़ पोर्टल चैनल का 20वां वार्षिक समारोह हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। यह अवसर न केवल समाचार पत्र की गौरवपूर्ण पत्रकारिता यात्रा का उत्सव था, बल्कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, पत्रकारों, समाजसेवियों एवं विद्यार्थियों को सम्मानित करने का सशक्त मंच भी बना।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पत्रकार प्रेस परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषभ मिश्रा आजाद रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पछवा दून विकास ने उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से लेकर कुमाऊं क्षेत्र तक अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। आज क्षेत्र का बच्चा-बच्चा इस समाचार पत्र को जानता और इसकी खबरों पर विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि संपादक रवि अरोड़ा ने अनेक जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों को उठाकर उन्हें समाधान तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है। समाचार पत्र उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली एवं हिमाचल प्रदेश तक भी अपनी पहुंच बना चुका है।
ऋषभ मिश्रा आजाद ने कहा कि रवि अरोड़ा उनके छोटे भाई के समान हैं और उनकी लेखनी हमेशा समाज को नई दिशा और दशा देने का कार्य करती रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे भविष्य में भी समाचार पत्र एवं उसके जनहितकारी प्रयासों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
इस अवसर पर पत्रकार प्रेस परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषभ मिश्रा आजाद ने रवि अरोड़ा को उत्तराखंड पत्रकार प्रेस परिषद का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत करते हुए उन्हें मनोनयन पत्र, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता समाज का आईना होती है और पत्रकार बाप-बेटे की यह जोड़ी न केवल उत्तराखंड बल्कि अन्य राज्यों में भी अपनी लेखनी के माध्यम से समाज को दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना सबसे बड़ी उपलब्धि होती है और रवि अरोड़ा तथा उनके पुत्र दीपक अरोड़ा इस विश्वास पर पूरी तरह खरे उतरे हैं।
दीपक अरोड़ा की कार्यशैली और समर्पण की कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि वे अपने पिता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर पत्रकारिता एवं जनसेवा के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
जसपुर, ऊधमसिंह नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं पछवा दून विकास के ब्यूरो चीफ हरिओम सिंह ने कहा कि उन्हें समाज में पहचान दिलाने का श्रेय काफी हद तक पछवा दून विकास समाचार पत्र को जाता है। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र से जुड़ने के बाद उन्हें समाज के विभिन्न वर्गों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं समाजसेवियों तक पहुंचने और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिला। उन्होंने सफल आयोजन के लिए रवि अरोड़ा एवं दीपक अरोड़ा को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
छरबा ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान एवं राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित रूमी राम जायसवाल ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण समस्या को पछवा दून विकास ने प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसके परिणामस्वरूप संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों ने कार्रवाई कर समस्या का समाधान कराया। उन्होंने रवि अरोड़ा को एक सुलझा हुआ एवं जनसरोकारों से जुड़ा पत्रकार बताया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनेक व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। शिवालिक एकेडमी, राजा रोड, सेलाकुई के 23 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे राम कपूर एवं उनकी टीम को भी सम्मानित किया गया। उनकी टीम द्वारा देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में लगातार वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। राम कपूर ने कहा कि उनका प्रयास है कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और पर्याप्त हरियाली मिल सके। राजधानी बनने के बाद तेजी से घटते पेड़ों की संख्या की भरपाई के लिए उनकी टीम निरंतर कार्य कर रही है।
इसके अलावा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्यरत क्लीन एंड ग्रीन सोसाइटी के सदस्यों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें अहवाल न्यूज़ के पाशा जी, टीवी-7 के नीरज तिवारी, दूरदर्शन के युवराज, भारत 24 के जावेद, तबरेज खान, राम सिंह बुढ़ाकोटी (संरक्षक, मंदिर समिति), भवेश्वर शर्मा (अध्यक्ष, दुर्गा मंदिर समिति), नवीन टुटेजा, संजय जी, दीपक जी, तेजस मेडिकल एंड एजुकेशनल ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. राहुल गिरी, अनिल गुजराल, विवेक श्रीवास्तव, धीरज शर्मा, अजीत रावत, मनमोहन ध्यानी, राजकुमार छाबड़ा, संजय त्यागी, बाबूलाल गुप्ता, किशन गुप्ता, रमेश प्रसाद, सुनील कुमार, रमेश चंद, एस.के. बिष्ट, संजय कुमार, अनिल सचदेवा, सुभाष रावत, मुकेश कुमार, मनोज, अनुराग शुक्ला, अमन राणा, शुभम, निखिल गोसाई एवं मुकेश सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अंत में संपादक रवि अरोड़ा ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं पाठकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के विश्वास, प्रेम और सहयोग के कारण ही चार पृष्ठों से शुरू हुआ यह समाचार पत्र आज 32 पृष्ठों तक पहुंच सका है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समाचार पत्र निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहितकारी पत्रकारिता के अपने संकल्प पर कायम रहेगा।



