



देहरादून, 17 नवंबर 2026। गोपाष्टमी के पावन पर्व पर अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा (महिला प्रकोष्ठ), पंजीकृत 1939 के तत्वावधान में रायपुर स्थित गोकुल गौ सदन में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाराणा प्रताप चौक के समीप स्थित गौशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गौ माता की पूजा-अर्चना की और गौ सेवा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गौ माता के विधि-विधान से पूजन, अभिषेक एवं आरती के साथ हुआ। इस दौरान महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गौ माता को स्नान कराया, तिलक लगाया तथा पुष्पमालाएं पहनाकर हरा चारा, गुड़ और रोटी खिलाई। इसके बाद भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की गोपाल लीलाओं का स्मरण कर भक्तिमय वातावरण बनाया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने गोपाष्टमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व हमें गौ सेवा, गौ संरक्षण और भारतीय संस्कारों से जुड़ने की प्रेरणा देता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गायों को चराने का कार्य प्रारंभ किया था, जिसके बाद वे गोपाल कहलाए।

महिला प्रकोष्ठ की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई कि गौ सेवा को केवल पर्व और आयोजनों तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। प्रत्येक परिवार प्रतिदिन गाय के लिए एक रोटी निकालने का संकल्प ले और बच्चों को गौ माता के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व से अवगत कराए।
कार्यक्रम में अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, प्रदेश संगठन मंत्री मनोज शर्मा, प्रदेश महामंत्री उमाशंकर शर्मा, जिला अध्यक्ष संजय खंडूरी, ग्राम उत्थान संगठन के सचिव विनोद शर्मा, संरक्षक आचार्य शशिकांत दुबे एवं दिनेश शर्मा, गिरीश उप्रेती, सुनीत शर्मा (प्रदेश कोषाध्यक्ष), उमेश जिंदल, मुख्य अतिथि सूरत सिंह नेगी और विशिष्ट अतिथि विनीत प्रसाद भट्ट सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
वहीं महिला प्रकोष्ठ की ओर से प्रदेश उपाध्यक्ष अरुणबाला शर्मा, प्रदेश महामंत्री प्रतिमा शर्मा, रेणु शर्मा, अनिता शर्मा, अमिता शर्मा, पूजा शर्मा, संतोष पाल, सरिता रावत, सोनिया शर्मा, विभा गौड़, बबली शर्मा, शशि कला शर्मा, मंजु पंत, बबीता शर्मा, प्रीति शर्मा, आकांक्षा नेगी एवं कमला जी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन का उद्देश्य गौ सेवा, गौ संरक्षण एवं धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
जय गौ माता, जय परशुराम!
