
टिहरी: टिहरी गढ़वाल जनपद के चंबा क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जब चंबा-कोटी नैल मोटर मार्ग पर एक यूटिलिटी पिकअप वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में 08 लोगों की मृत्यु को सूचना है, जिसमे से 04 शव बरामद कर लिए हैं। घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से मिली, जिसके बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया।
सूचना मिलते ही थाना चंबा पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हुईं। घटनास्थल पर पहुंचकर टीमों ने पाया कि पिकअप वाहन में करीब 9 से 10 लोग सवार थे, जो दुर्घटना के बाद खाई में फंसे हुए थे। राहत की बात यह रही कि शुरुआती रेस्क्यू अभियान में दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
हादसे में 08 लोगों के मौत की सूचना है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी व जिलाधकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस भी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
बताया जा रहा कि यह लोग ऋषिकेश में किसी के क्रियाकर्म से घर लौट रहे थे। फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की आशंका जताई जा रही है।

