


जसपुर। नाजिया इलाही खान के कथित विवादित बयान को लेकर जसपुर नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में मुस्लिम समुदाय के लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। शनिवार को शहर इमाम कारी अय्यूब के नेतृत्व में मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय को तहरीर सौंपते हुए नाजिया इलाही खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की।
तहरीर में आरोप लगाया गया कि नाजिया इलाही खान द्वारा दिए गए कथित बयान से मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणियां समाज में आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के संबंध में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से मुस्लिम समाज में व्यापक आक्रोश व्याप्त है।
मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने तथा कानून के अनुरूप कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म या धार्मिक आस्था पर आपत्तिजनक टिप्पणी समाज में तनाव उत्पन्न कर सकती है, इसलिए ऐसे मामलों में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई आवश्यक है।
इस दौरान सैयद अ. हमीद, सदर, याकूब अली, सादिक हुसैन, सुलेमान, शफीक अहमद, शरीफ सहित मुस्लिम समुदाय के अनेक लोग उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी अपील की।

