


जसपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जसपुर कोतवाली में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक एसएसआई राम सिंह पौड़ी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।



बैठक की शुरुआत में विद्युत विभाग, नगर पालिका एवं जल संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों के उपस्थित न होने पर दोनों समुदायों के लोगों ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि संबंधित विभागों की अनुपस्थिति में बैठक का उद्देश्य अधूरा रह जाएगा। इसके बाद संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों के पहुंचने पर बैठक दोबारा शुरू की गई।
बैठक में बिजली व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। मुस्लिम समुदाय के वरिष्ठ लोगों ने आश्वासन दिया कि मोहर्रम का जुलूस प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाएगा तथा इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुलिस प्रशासन ने बैठक में स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान गंधक-पोटाश का प्रयोग, मुंह में पेट्रोल डालकर आग के गोले बनाना तथा ताजिए के ऊपर बैठना पूर्णतः प्रतिबंधित है। ऐसे कृत्य करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस बात का दोनों समुदायों के लोगों ने समर्थन किया और प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक में नजीम नईम गुलरगी, सईद अहमद, यूसुफ मेम्बर, विशाल कश्यप, सलीम अहमद, राजकुमार, हाजी हमीद, हनीफ सदर, नसीम मेम्बर, शाहनवाज, अमी अहमद, शमशाद, भूरे भाई, शाकिर हुसैन, अशोक खन्ना, डॉ. गौतम, नदीम, बृजेश तथा मोहम्मद अनवर सहित दोनों समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक का समापन आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।
