



शिव मंदिर सेलाकुई से खाटू श्याम मंदिर तक निकाली गई रैली, बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा
सेलाकुई। भारतीय गौ रक्षा संघ की ओर से सेलाकुई क्षेत्र में गौ माता की सेवा, सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से एक रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत शिव मंदिर सेलाकुई से हुई, जो हरिपुर होते हुए खाटू श्याम मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गौ माता की सेवा, देखभाल और संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। साथ ही समाज के लोगों से गौ माता की सेवा के लिए आगे आने और इस दिशा में अपना योगदान देने की अपील की गई।
कार्यक्रम में भारतीय गौ रक्षा संघ के प्रदेश सह संयोजक निखिल सिंह गोसाईं, प्रदेश महामंत्री अनूप भट्ट, जिला अध्यक्ष अमन राणा सहित टीम के हर्षवर्धन, गौरव सिंह, राज गुप्ता, वंश, नितिन पाल, पूनम पंवार, रीना रावत, शगुन, किरण, सभासद श्रीवास्तव एवं सेवा भारती से रविंद्र रामोला सहित गौ रक्षा दल के सदस्य मौजूद रहे।
रैली के समापन पर गौ माता की सेवा और संरक्षण के संकल्प के साथ सभी ने समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
गौ सेवा और गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य रहा।

