


हरेला पर्व के पावन अवसर पर शिवालिक एकेडमी के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ एक वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी था। विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।
वृक्षारोपण कार्यक्रम दो स्थानों पर आयोजित किया गया। नगर पंचायत पार्किंग क्षेत्र, सेलाकुई (फायर स्टेशन के निकट) में इस अभियान का नेतृत्व विद्यालय शिक्षक श्रीमती शम्मी चौहान, श्री शिवा राणा एवं श्री राज सयाल ने किया इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में सुमित चौधरी (नगर पंचायत अध्यक्ष सेलाकुई तथा शिवानन्द भरद्वाज (सामाजिक कार्यकर्ता नगर पंचायत सेलाकुई) ने भी भाग लिया जबकि राजकीय मॉडल विद्यालय, भाऊवाला में श्रीमती गुंजन पंत एवं श्रीमती हिमानी बिष्ट एवं संतोषी पंवार के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने वृक्षारोपण किया।
इस अवसर पर आँवला, आम, कनेर, बाँस, अमलतास, पपीता सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए, जो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जैव विविधता को बढ़ावा देने तथा हरियाली बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया तथा यह संदेश दिया कि “एक पेड़ केवल प्रकृति की शोभा नहीं, बल्कि जीवन, स्वास्थ्य और आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा का आधार है।”
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रजनी त्यागी जी ने अपने संदेश में कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति प्रेम, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण जैसे रचनात्मक कार्य बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं तथा उन्हें प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे लगाए गए प्रत्येक पौधे की देखभाल को अपना नैतिक दायित्व समझें और पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को जन-जन तक पहुँचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।

