



पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से शिवालिक अकादमी में वन महोत्सव सप्ताह का उत्साहपूर्वक आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर विद्यालय में प्रकृति संरक्षण से जुड़ी अनेक प्रेरणादायक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।
सप्ताह के अंतर्गत आयोजित डिस्प्ले बोर्ड सजावट प्रतियोगिता में सभी सदनों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्लास्टिक मुक्त भारत जैसे विषयों पर आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक प्रदर्शन प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में शिवालिक हाउस ने प्रथम, सतपुड़ा हाउस ने द्वितीय तथा विंध्य हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी क्रम में विद्यालय परिसर में प्लास्टिक फ्री अभियान के अंतर्गत कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने अपने कक्षा अध्यापकों के मार्गदर्शन में स्वच्छता अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर से प्लास्टिक कचरा एकत्र कर स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण का संदेश दिया तथा अपने अनुकरणीय कार्य से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण के इस जन-आंदोलन का सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया।

