
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने फीता काटकर किया उद्घाटन, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर
जसपुर।
जसपुर क्षेत्र में युवाओं के लिए खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए पूर्व विधायक शैलेंद्र मोहन सिंगला द्वारा अपनी निजी भूमि पर भव्य खेल मैदान तैयार कराया गया, जिसका आज उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। खेल मैदान के उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में जसपुर क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह के दौरान लोगों ने पूर्व विधायक शैलेंद्र मोहन सिंगला की इस पहल की जमकर सराहना की और इसे क्षेत्र के युवाओं के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष सरदार हरिओम सिंह ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं की लंबे समय से खेल मैदान की मांग थी, जिसे आज पूर्व विधायक शैलेंद्र मोहन सिंगला ने पूरा कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि सरकार से लंबे समय से खेल मैदान बनाने की मांग की जा रही थी, लेकिन जब तक कोई पहल नहीं हुई तब पूर्व विधायक ने स्वयं आगे बढ़कर अपनी निजी भूमि युवाओं के लिए उपलब्ध कराकर एक मिसाल कायम की है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को खेलों से जोड़ना बेहद जरूरी है। खेल मैदान बनने से क्षेत्र के युवा खेलों की ओर प्रेरित होंगे और आने वाले समय में प्रदेश व देश का नाम रोशन करेंगे। मैदान के उद्घाटन के दौरान युवाओं में नया जोश और उत्साह देखने को मिला।
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने भी पूर्व विधायक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज और युवाओं के हित में किए गए ऐसे कार्य हमेशा प्रेरणादायक होते हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य का भी माध्यम है।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रवासियों ने पूर्व विधायक शैलेंद्र मोहन सिंगला और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र के विकास और युवाओं के हित में ऐसे कार्य होते रहेंगे।

