


जसपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर के तत्वावधान में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को पीस क्लब, तहसील जसपुर में एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री संजय राजपूत ने की, जबकि संचालन तहसील जसपुर की टीम संख्या-31 एवं 32 के पैनल अधिवक्ताओं एवं पराविधिक स्वयंसेवकों (PLVs) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
शिविर में उपस्थित नागरिकों को कारगिल विजय दिवस के महत्व, देश के वीर सैनिकों के अद्वितीय बलिदान, निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, पीड़ित प्रतिकर योजना तथा विभिन्न विधिक अधिकारों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी विस्तारपूर्वक प्रदान की गई। साथ ही लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने एवं किसी भी विधिक समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निःशुल्क सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में संजय राजपूत, रेखा राजपूत, संगीता विश्नोई, नीरज विश्नोई सहित अनेक समाजसेवियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। पीस क्लब की ओर से उपस्थित समस्त पैनल अधिवक्ताओं एवं पराविधिक स्वयंसेवकों का पुष्पमालाओं से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
शिविर में लगभग 35 लाभार्थियों ने सहभागिता कर विधिक जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने विधिक जागरूकता शिविर की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
– आदेश कुमार
पराविधिक स्वयंसेवक (PLV)
टीम संख्या-32, तहसील जसपुर
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर

