


बरसों पुरानी समस्या का हुआ स्थायी समाधान, अब बारिश में भी नहीं रुकेगी प्रार्थना सभा
जसपुर। नगर के प्रतिष्ठित विशंभर शरण वैदिक इंटर कॉलेज में वर्षों से चली आ रही बरसात के दौरान प्रार्थना सभा बाधित होने की समस्या का स्थायी समाधान कर दिया गया है। विद्यालय के नव नियुक्त प्रधानाचार्य श्री स्वतंत्र मिश्रा के प्रयासों से प्रार्थना स्थल के दोनों ओर तीन-तीन सेट के विशाल शेड (क्वाड) का निर्माण कराया गया है, जिससे अब तेज बारिश के दौरान भी प्रार्थना सभा निर्बाध रूप से आयोजित की जा सकेगी।
विद्यालय में वर्तमान में लगभग तीन हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। पहले बरसात के मौसम में प्रार्थना सभा आयोजित करना विद्यालय प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन जाता था, लेकिन नए शेड बनने के बाद अब विद्यार्थियों को बारिश की एक भी बूंद का सामना नहीं करना पड़ेगा। विद्यालय परिवार ने इस कार्य को छात्र हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है।
प्रधानाचार्य श्री स्वतंत्र मिश्रा अनुशासनप्रिय शिक्षाविद होने के साथ-साथ एनसीसी के पूर्व कैप्टन भी रहे हैं। उन्होंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं ने इस सराहनीय पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्य श्री स्वतंत्र मिश्रा का आभार जताया है।

